बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर और निर्देशक रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा कानूनी शिंकजे में फंस गए हैं। रेमो और लिजेल के खिलाफ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की एक अदालत में चार्जशीट दायर की गई है। इन दोनों पर फिल्म के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। जिले की सिहानी गेट पुलिस ने रेमो डिसूजा और लिजेल डिसूजा के खिलाफ अदालत में चार्जशीट पेश कर दी है। हालांकि अदालत ने अभी चार्जशीट पर कोई संज्ञान नहीं लिया है। 

रेमो डिसूजा पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म बनाने के नाम पर गाजियाबाद रहने वाले सतेंद्र त्यागी से पांच करोड़ रुपये लिए थे और फिल्म निर्माण पूरा होने पर दोगुने रुपये लौटाने की बात कही थी लेकिन फिल्म का निर्माण पूरा होने पर भी उन्होंने रुपए नहीं लौटाए। अदालत के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। अब चार्टशीट अदालत में पेश की है।

 यह पूरा मामला साल 2013 का है। रेमो डिसूजा ने सत्येंद्र त्यागी के साथ मिलकर साल 2013 में एक फिल्म मस्ट डाई बनाई थी। इस फिल्म को बनाने में पांच करोड़ रुपये खर्च हुए थे। आरोप है कि यह पैसा रेमो ने अपने करीबी दोस्त सत्येंद्र त्यागी से खर्च करवाया था। सत्येंद्र का आरोप है कि रेमो डिसूजा ने एक साल के अंदर पूरा पैसा दोगुना करके वापस करने की बात कही थी। 

निर्धारित समय पर जब रेमो डिसूजा ने पैसा वापस नहीं किया तो सिहानी गेट थाने में इस मामले में साल 2016 में पीड़ित ने अदालत के आदेश पर रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। बार-बार समन भेजने के बावजूद रेमो डिसूजा अपना पक्ष रखने के लिए हाजिर नहीं हो रहे थे। इसके बाद अदालत ने रेमो के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करते हुए गिरफ्तार करने के आदेश दिए थे। रेमो डिसूजा ने इलाहाबाद हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी। इसके बाद अदालत ने रेमो को देश से बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। आपको बता दें कि रेमो डिसूजा बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर और निर्देशक हैं।

Categories: Bollywood