Bollywood

गौहर खान ने जैद संग शादी की खबरों को बताया अफवाह, पढ़ें EXCLUSIVE खबर

By Shagun Gupta

October 22, 2020

हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि एक्ट्रेस गौहर खान 22 नवम्बर को मशहूर म्यूजिक कंपोजर इस्माइल दरबार के बेटे जैद दरबार से शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। इस्माइल दरबार ने एक इंटरव्यू में दोनों के रिश्ते पर बात की और कहा कि उन्हें इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है। अब इस पर खुद गौहर खान ने बयान दिया है।

गौहर ने कहा है कि ये सब खबरें महज अफवाह हैं और ऐसा कुछ नहीं है। अगर ऐसा कुछ होता है तो वे खुद सबके सामने बताएंगी। गौहर खान ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को बताया कि ये सब बातें कोरी अफवाहें हैं। अगर ऐसा कुछ होगा तो मैं खुद सबको बताऊंगी। गौहर खान हाल ही में बिग बॉस 14 के घर से बाहर आई हैं।

वे शो के इस सीजन में तूफानी सीनियर्स बनकर घर में रह रही थीं। उनके साथ सिद्धार्थ शुक्ला और हिना खान भी शामिल थे। इससे पहले टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर के मुताबिक गौहर खान जैद के साथ 22 नवंबर 2020 को शादी करने वाली हैं। गौहर खान की शादी मुंबई में होगी। खबरें ऐसी थीं कि अगले महीने गौहर खान की बहन निगार खान और बाकी रिश्तेदार भी अगले महीने मुंबई पहुंचने वाले हैं।

गौहर खान की शादी की रस्में केवल 2 दिनों तक चलेंगी। गौहर खान की शादी में केवल घर के कुछ खास रिश्तेदारों को ही न्योता भेजा जाएगा। इतना ही नहीं दावा तो यह भी किया जा रहा है कि समय की कमी के चलते दोनों परिवारों ने गौहर खान और जैद दरबार की शादी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। मालूम हो, जैद दरबार कोरियोग्राफर और कंटेंट क्रिएटर हैं। वे इस्माइल दरबार के बेटे हैं।