बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड के बाद बॉलीवुड की गुटबाज़ी और राजनीति के कारण, सुसाइड का कदम उठाने की तरफ से भी जांच चल रही है। इस बीच मुज़फ्फरपुर में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है जिसमें एकता कपूर भी शामिल हैं।

एकता कपूर ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए बताया है कि इस खबर ने उन्हें तोड़ दिया है। एकता ने बहुत मज़बूती के साथ अपना पक्ष रखा है। एकता ने अपने पोस्ट में लिखा है कि लोग उस इंसान पर सुशांत को बैन करने का आरोप लगा रहे हैं जिसने वास्तव में सुशांत को इस इंडस्ट्री में लॉन्च किया है। उन्होंने लिखा मुझ पर केस करने के लिए धन्यवाद। वो केस जो ये कहता है कि मैंने सुशांत को कास्ट नहीं किया जबकि मैं वो इंसान हूं जिसने उसे लॉन्च किया है। मैं बुरी तरह हिल गई हूं इन सारी खबरों से जो कुछ भी खिचड़ी पकाना चाह रही हैं।

एकता कपूर ने ये भी कहा कि कृपया परिवार और दोस्तों को शांति और सुकून से शोक मनाने दीजिए। हम लोग पहले ही दुख में हैं। सच अपने समय पर सामने आ जाएगा। लेकिन मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि ये सब भी हो रहा है।

आपको बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद बॉलीवुड पर आरोप लग रहे हैं कि उन्हें जानबूझकर इंडस्ट्री से किनारे किया जा रहा था और इसका असर उनके दिमागी संतुलन पर पड़ रहा था। करण जौहर, आदित्य चोपड़ा और एकता कपूर सहित कई प्रोड्यूसर्स पर आरोप है कि वो सुशांत सिंह राजपूत को अपने प्रोडक्शन हाउस से बैन कर चुके थे जिसके बाद सुशांत सिंह राजपूत को कई प्रोडक्शन हाउस ने बैन कर दिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुशांत सिंह राजपूत के पास 7 फिल्में थीं लेकिन धीरे धीरे कर ये सातों फिल्में उनके हाथ से चली गईं। फिलहाल उनके पास बेहद कम प्रोजेक्ट्स थे इसलिए कहा जा रहा है कि सुशांत सिंह राजपूत बॉलीवुड की गुटबाज़ी और राजनीति का शिकार हो गए। इस गुटबाज़ी के कारण ना ही उनके पास प्रोजेक्ट बचे थे और ना ही उनकी फिल्में रिलीज़ की जा रही थी।

आपको बात दें कि एकता कपूर ने ही सुशांत सिंह राजपूत को इंडस्ट्री में लॉन्च किया था। एकता ने सुशांत को सबसे पहले किस देस में है मेरा दिल नाम के एक सीरियल में सेकंड लीड ऑफर किया था। इसके बाद एकता ने सुशांत को पवित्र रिश्ता के लिए मेन लीड ऑफर किया था। लेकिन ज़ी टीवी ने सुशांत को ये कह कर रिजेक्ट कर दिया था कि वो मानव के रोल के लिए सही नहीं लगते हैं। एकता कपूर मानव की कास्टिंग के लिए सुशांत के नाम को लेकर अड़ गई थीं। एकता का कहना था कि ये लड़का अपनी मुस्कुराहट के दम पर करोड़ों फैन्स के दिल पर राज करेगा। और ऐसा ही हुआ। सुशांत सिंह राजपूत ने करीब ढाई साल तक पवित्र रिश्ता में काम किया था। उनकी और अंकिता लोखंडे की जोड़ी को ढेर सारा प्यार और अवार्ड्स मिले थे। लेकिन फिर एक दिन सुशांत ने शो छोड़ने का फैसला किया था।

सुशांत सिंह राजपूत ने शो छोड़ते हुए अपनी टीम को बताया था कि वो विदेश में डायरेक्शन का कोर्स करना चाहते हैं और इसलिए वो अब ये शो नहीं कर पाएंगे। इसके बाद सुशांत सिंह राजपूत ने अभिषेक कपूर की फिल्म काई पो छे के साथ अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था।

Categories: Bollywood